शादी के लिए राजी नहीं होने पर युवक ने हावड़ा स्टेशन पर की विवाहिता महिला की हत्या।
दो बच्चों की मां से मुंबई में ही हुआ था परिचय।
हावड़ा :- बंगाल के हावड़ा स्टेशन पर एक युवक ने शादी के लिए राजी नहीं होने पर विवाहिता महिला की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। आरोपित युवक मुंगेश यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वह मुंबई का रहने वाला है। उसके पास से खून से सना चाकू बरामद किया गया है। घायल महिला को हावड़ा जिला अस्पताल ले जाया गया है जहां उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार उत्तर 24 परगना के गायघाटा निवासी पिंटू विश्वास अपनी पत्नी रिवु विश्वास और दो बच्चे के साथ हावड़ा स्टेशन पर आया था। उनके साथ मुंबई से आया मुंगेश यादव भी था। पिंटू और मुंगेश मुंबई में एक ही जगह काम करते हैं।
सभी प्लेटफार्म संख्या 23 के पार्सल विभाग के बगल में चाय पी रहे थे। अचानक मुंगेश ने पिंटू को सिरदर्द की दवा खरीदने के लिए भेजा। जब पिंटू दवा खरीदने गया, तो मुंगेश ने कथित तौर पर बैग से चाकू निकाला और उसकी पत्नी रिवु के पेट में घोंप दिया।
महिला के चीखने पर आरपीएफ और अन्य यात्री मौके पर पहुंचे। इसके बाद मुंगेश ने चाकू उठाया और सभी को धमकाया। हालांकि, बाद में उसे आरपीएफ ने रंगेहाथ पकड़ लिया। आरोपित को गोलाबाड़ी थाने की पुलिस को सौंप दिया गया है। वहीं, घायल महिला को हावड़ा जिला अस्पताल ले जाया गया है जहां उसने दम तोड़ दिया। पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर आरोपित से पूछताछ कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, पिंटू काम के सिलसिले में अपनी पत्नी व दो बच्चों के साथ मुंबई में रहता था। एक ही होटल में मुंगेश और पिंटू काम करते हैं। वहीं से मुंगेश का परिचय पिंटू की पत्नी से हुआ। पूछताछ में पिंटू ने कहा कि रिवु के साथ उसके प्रेम संबंध बन गए थे। रिवू ने शादी करने का वादा किया था। पिंटू का दावा है कि उसने रिवु को करीब 10 लाख रुपये दिए थे। लेकिन रिवु ने अचानक शादी से इनकार कर दिया। इसी गुस्से में उसने उसकी हत्या कर दी।
Tags
क्राइम न्यूज़.